वसई, 2 जनवरी। Anti-national song : महाराष्ट्र के वसई अंतर्गत नायगांव थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। चिंचोटी इलाके में स्थित एक सैलून में सार्वजनिक रूप से लाउडस्पीकर पर देशविरोधी और भड़काऊ गीत बजाए जाने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया। नायगांव पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे सब-इंस्पेक्टर पंकज किल्जे गश्त पर थे, तभी करमडपाड़ा स्थित रुहान हेयर कटिंग सैलून से सड़क तक तेज आवाज में बज रहा देशविरोधी गीत उनके संज्ञान में आया। इस घटना से कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई थी।
Anti-national song : पुलिस ने की मोबाइल की जांच
Anti-national song : पुलिस जब सैलून पहुंची तो वहां अब्दुल रहमान सदरुद्दीन शाह (25) मौजूद मिला। वह अपने मोबाइल फोन में यूट्यूब एप के जरिए ब्लूटूथ स्पीकर पर उक्त गीत चला रहा था। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मोबाइल की जांच कर गीत की पुष्टि की।
पुलिस रिमांड पर भेजा
Anti-national song : घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 197(1)(डी) के तहत राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल कृत्य का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
देशविरोधी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं
पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर देशविरोधी या भड़काऊ गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, इस तरह की हरकतें देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता के खिलाफ हैं और इससे सामाजिक शांति भंग होने के साथ-साथ लोगों के बीच वैमनस्य फैलने की आशंका रहती है।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। वहीं, एफआईआर में सैलून कर्मचारी गुलजारी राजू शर्मा के खिलाफ किसी प्रकार की आपराधिक भूमिका का उल्लेख नहीं किया गया है।







