नई दिल्ली, 25 दिसंबर। Atal Vajpayee Tribute : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने कहा कि अटलजी ने अपना संपूर्ण जीवन सुशासन, राष्ट्र निर्माण और जन-कल्याण को समर्पित कर दिया था। उनका अद्वितीय व्यक्तित्व और प्रेरणादायी नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेगा।
मोदी ने लिखा
Atal Vajpayee Tribute : गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा— “देशवासियों के हृदय में बसे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित कर दिया। वे एक प्रखर वक्ता और ओजस्वी कवि के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनका व्यक्तित्व और नेतृत्व देश के विकास के लिए पथ-प्रदर्शक बना रहेगा।”
पुराना वीडियो साझा किया
Atal Vajpayee Tribute : पीएम मोदी ने एक पुराना वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने अटलजी के प्रभावशाली व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा था— अटलजी की वाणी सिर्फ भाजपा की आवाज नहीं थी, बल्कि एक समय ऐसा भी आया जब वह भारत की सामान्य जनता की आशाओं और आकांक्षाओं की आवाज बन चुकी थी। अटलजी बोलते थे, तो देश बोलता था। वह अपनी नहीं, बल्कि देशवासियों की भावनाओं को शब्द देते थे।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि देश अटलजी के योगदान को कभी भुला नहीं सकता।
“अटलजी के नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति के क्षेत्र में भी अपना परचम लहराया। पार्टी नेता, सांसद, मंत्री या प्रधानमंत्री— हर भूमिका में उन्होंने आदर्श प्रस्तुत किया।”
प्रेरणा लेने का अमूल्य अवसर
Atal Vajpayee Tribute : अपने एक अन्य संदेश में पीएम मोदी ने लिखा— अटलजी की जन्म-जयंती हम सभी के लिए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का अमूल्य अवसर है। उनका आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति का आदर्श मानक है। उन्होंने सिद्ध किया कि श्रेष्ठता पद से नहीं, बल्कि आचरण से स्थापित होती है, और वही समाज को दिशा देती है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक सुभाषित भी साझा किया —
‘यद्यदाचरति श्रेष्ठस्तत्तदेवेतरो जनः। स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्तदनुवर्तते॥’
जो अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और आदर्शों को परिभाषित करता है।







