चटगांव, 21 दिसंबर। Indian Visa Center : बांग्लादेश में बढ़ते तनाव और हिंसा की घटनाओं के बीच चटगांव स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र को रविवार से अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह फैसला एहतियातन लिया गया है।
शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश के कई हिस्सों में आगजनी, प्रदर्शन और हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। हालात बिगड़ने के चलते इससे पहले ढाका और दो अन्य स्थानों पर भी भारतीय वीजा सेंटर अस्थायी रूप से बंद किए जा चुके हैं।
भारतीय मिशन के बाहर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प
Indian Visa Center : स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को चटगांव में इंडियन असिस्टेंट हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया। इस दौरान हुई झड़प में दो पुलिसकर्मियों समेत कम से कम चार लोग घायल हो गए। इसी घटना के बाद चटगांव में भारतीय वीजा सेंटर को अगले नोटिस तक बंद रखने का निर्णय लिया गया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार तड़के चटगांव के खुल्शी इलाके में इंडियन मिशन कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हो गए और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की भी घटनाएं हुईं।
पुलिस ने संभाली स्थिति, कई लोग हिरासत में
Indian Visa Center : चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस (सीएमपी) कमिश्नर हसीब अजीज ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। झड़प में घायल लोगों को इलाज के लिए चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ आतंकवाद विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है।
भारत ने जताई चिंता
Indian Visa Center : इससे पहले बुधवार को भारत के विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह को तलब कर बांग्लादेश में बिगड़ते सुरक्षा हालात पर गहरी चिंता जताई थी। भारत ने मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार से अपील की है कि वह अपनी कूटनीतिक जिम्मेदारियों के तहत बांग्लादेश में स्थित भारतीय मिशनों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
एक अन्य घटना में पूर्व मंत्री के घर में आगजनी
Indian Visa Center : इसी बीच, चटगांव में एक अलग घटना में प्रदर्शनकारियों ने अवामी लीग के पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नौफेल के घर में आग लगा दी। यह घटना गुरुवार रात शहर के चश्माहिल इलाके में हुई। प्रदर्शनकारियों ने घर के भीतर खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया, जो चटगांव के पूर्व मेयर मोहिउद्दीन चौधरी की बताई जा रही है।
बांग्लादेश में मौजूदा हालात को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।







