'एन पी एन लाइव'

Noida Theft Gang : नोएडा में संगठित चोरी गिरोह का पर्दाफाश, महिला सरगना सहित चार आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

Noida Theft Gang exposed as police arrest four accused including a woman leader; stolen cash, vehicles and valuables recovered.

नोएडा, 16 दिसंबर। Noida Theft Gang : नोएडा के सेक्टर-49 थाना पुलिस ने एक शातिर और संगठित चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए उसकी महिला सरगना समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से फिल्मी अंदाज में बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह की खास बात यह थी कि इसकी कमान एक महिला के हाथों में थी, जो न केवल चोरी की रणनीति बनाती थी, बल्कि रेकी के दौरान भी खुद मौजूद रहती थी, ताकि किसी को संदेह न हो।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल, आशीष मसीह, शाहरुख उर्फ शारूफ और रुबीना के रूप में हुई है। रुबीना इस गिरोह की मुख्य सरगना है, जबकि उसका पति आशीष मसीह, भाई शाहरुख और दोस्त विशाल गिरोह के सक्रिय सदस्य थे। सभी आरोपित नोएडा के अलग-अलग इलाकों में रहकर लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

बंद घरों की पहचान करता था ​गिरोह

Noida Theft Gang : जांच में सामने आया कि गिरोह दिन के समय सुनसान और बंद घरों की पहचान करता था। रेकी के दौरान महिला सरगना रुबीना खुद गिरोह के साथ रहती थी, जिससे लोगों को शक न हो। इसके बाद रात के अंधेरे में घरों के ताले तोड़कर चोरी की जाती थी। चोरी के बाद लूटे गए सामान का बंटवारा भी रुबीना ही तय करती थी।

गुप्त सूचना के आधार पर हाथ आया गिरोह

Noida Theft Gang : पुलिस के अनुसार, 13 और 14 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात को गिरोह ने सेक्टर-49 के बरौला गांव स्थित एक मकान में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपितों ने घर से कीमती जेवरात और सामान चुराने के साथ-साथ एक कार और दो मोटरसाइकिल भी चोरी कर ली थीं। गुप्त सूचना और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से सेक्टर-49 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपितों के कब्जे से माल बरामद

Noida Theft Gang : आरोपितों के कब्जे से चोरी की होंडा ब्रियो कार, दो मोटरसाइकिल, एलईडी टीवी, लैपटॉप, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी मुद्रा, 45,060 रुपये नकद, कीमती घड़ियां और अन्य घरेलू सामान बरामद किया गया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

आरोपितों पर पहले से आपराधिक मुकदमे

Noida Theft Gang : पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरोह के कई सदस्यों पर पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं। थाना सेक्टर-49 पुलिस का कहना है कि आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है और आने वाले दिनों में अन्य चोरी की वारदातों के भी खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Comment