अदीस अबाबा, 16 दिसंबर। PM Modi Ethiopia : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंचते ही माहौल उत्सव में बदल गया। होटल आगमन पर भारतीय समुदाय के सैकड़ों लोग तिरंगा लहराते हुए ‘मोदी मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ उनका स्वागत करते नजर आए।
मोदी ने देखा फ्रेंडशिप पार्क
PM Modi Ethiopia : इससे पहले इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली स्वयं पीएम मोदी को एयरपोर्ट से होटल तक लेकर गए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को साइंस म्यूजियम और फ्रेंडशिप पार्क भी दिखाया, जो आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री अबी अहमद अली को वर्ष 2019 में पड़ोसी देश इरिट्रिया के साथ सीमा विवाद सुलझाने की ऐतिहासिक पहल के लिए नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

भारतीय समुदाय के लोगों से आत्मीय मुलाकात
होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से आत्मीय मुलाकात की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और उपस्थित लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। स्वागत कार्यक्रम में कलाकारों के एक समूह ने बॉलीवुड फिल्म वीर-ज़ारा का लोकप्रिय गीत ‘धरती सुनहरी अंबर नीला’ प्रस्तुत किया, जिसने माहौल को और भी भावुक बना दिया।

इंस्टाग्राम पर साझा किया वीडियो
PM Modi Ethiopia : पीएम मोदी ने इस प्रस्तुति का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, “अदीस अबाबा में एक जीवंत स्वागत! भारतीय गीत और संगीत यहां वास्तव में बहुत लोकप्रिय हैं।”
इससे पहले एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने स्वयं पीएम मोदी का स्वागत किया था। आगमन के बाद पीएम मोदी ने कहा कि वह इथियोपियाई नेतृत्व के साथ विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने को लेकर उत्साहित हैं।

मोदी ने एक्स पर यह लिखा
PM Modi Ethiopia : पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “कुछ समय पहले अदीस अबाबा पहुंचा हूं। प्रधानमंत्री अबी अहमद अली द्वारा एयरपोर्ट पर स्वागत किए जाने से अभिभूत हूं। इथियोपिया महान इतिहास और जीवंत संस्कृति वाला देश है। भारत और इथियोपिया के बीच गहरे सभ्यतागत संबंध हैं। मैं विविध क्षेत्रों में हमारी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए बातचीत को लेकर उत्सुक हूं।”
एयरपोर्ट पर दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच अनौपचारिक बातचीत भी हुई। पीएम मोदी ने पारंपरिक इथियोपियाई कॉफी सेरेमनी में भाग लिया और कहा कि यह समारोह देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को खूबसूरती से दर्शाता है।
प्रधानमंत्री की यह है दो दिवसीय राजकीय यात्रा
PM Modi Ethiopia : प्रधानमंत्री मोदी की यह दो दिवसीय राजकीय यात्रा प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के निमंत्रण पर हो रही है, जो भारत–इथियोपिया संबंधों के बढ़ते रणनीतिक महत्व को रेखांकित करती है। इस दौरान राजनीतिक संवाद, विकास सहयोग, व्यापार, निवेश और जन-जन के संबंधों सहित द्विपक्षीय रिश्तों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा होगी।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भारतीय प्रवासी समुदाय से भी संवाद करेंगे और इथियोपियाई संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। यह वर्ष 2011 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इथियोपिया की पहली यात्रा है। पीएम मोदी के सम्मान में अदीस अबाबा को स्वागत होर्डिंग्स, पोस्टरों और भारतीय झंडों से सजाया गया है।







