'एन पी एन लाइव'

Seven Resolves 3 : बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों में शामिल करने की दिशा में सात निश्चय-3 लागू होंगे: नीतीश कुमार

SHARE:

Seven Resolves 3: Nitish Kumar Launches New Roadmap to Make Bihar a Developed State

पटना, 16 दिसंबर। Seven Resolves 3 : बिहार को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 कार्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को हुई बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सुशासन के कार्यक्रमों के तहत सात निश्चय-1 और सात निश्चय-2 के माध्यम से न्याय के साथ विकास के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल किया गया है। अब राज्य के समग्र और तेज विकास के लिए सात निश्चय-3 को लागू किया जा रहा है।

दोगुना रोजगार-दोगुनी आय

Seven Resolves 3 : मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि सात निश्चय-3 का पहला निश्चय ‘दोगुना रोजगार-दोगुनी आय’ है। इसका उद्देश्य राज्य की प्रति व्यक्ति औसत आय को दोगुना करना है। इसके लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि रोजगार विस्तार के लिए उन्हें दो लाख रुपये तक की सहायता भी प्रदान की जाएगी।

एक करोड़ युवाओं के लिए रोजगार का लक्ष्य

Seven Resolves 3 : उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। सात निश्चय-3 का दूसरा निश्चय ‘समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार’ है, जिसके तहत राज्य में उद्योगों के तेजी से विकास के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में तीन उच्चस्तरीय समितियों का गठन किया गया है।

तीसरे निश्चय ‘कृषि में प्रगति-प्रदेश की समृद्धि’ के तहत किसानों की आय बढ़ाने के लिए वर्ष 2024 से 2029 तक लागू चौथे कृषि रोड मैप के कार्यों को और गति दी जाएगी।

शहरी क्षेत्रों का विस्तार किया जाएगा

Seven Resolves 3 : मुख्यमंत्री ने बताया कि सात निश्चय-3 में उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य, सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन और मजबूत आधार-आधुनिक विस्तार जैसे लक्ष्य भी शामिल हैं। इसके अंतर्गत शहरी क्षेत्रों का विस्तार किया जाएगा और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि सात निश्चय-3 का सातवां और अंतिम निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ है। इसके तहत आधुनिक तकनीक, नवाचार और संवेदनशील सुशासन के माध्यम से राज्य के सभी नागरिकों का जीवन सरल बनाने के लिए कार्य किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वास जताया कि सात निश्चय-3 के प्रभावी क्रियान्वयन से विकसित बिहार का संकल्प पूरा होगा और बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा।

Nivedita Jha
Author: Nivedita Jha

Nivedita Jha is a graduate from Baba Saheb Bhimrao Ambedkar University. She is also a double post graduate. She has also done journalism. She has five years of experience in journalism.

Leave a Comment