पटना, 15 दिसंबर। Sanjay Sarawgi BJP : दरभंगा के विधायक संजय सरावगी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उन्होंने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद संजय सरावगी ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी को मां के समान मानते हैं और केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में ईमानदारी से काम किया जाएगा। बिहार भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो भरोसा जताया है, वह भाजपा की कार्यसंस्कृति को दर्शाता है और वे इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाएंगे।

संगठन को बनाएंगे और सशक्त
Sanjay Sarawgi BJP : संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसा संगठन है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है।
सरकार और संगठन के बीच होगा बेहतर तालमेल
Sanjay Sarawgi BJP : उन्होंने आगे कहा कि बिहार भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित बिहार’ के संकल्प को साकार करने में पूरी मजबूती से योगदान देगी। विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी।

Sanjay Sarawgi BJP : उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संजय सरावगी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने सोमवार को औपचारिक घोषणा की। नियुक्ति पत्र में बताया गया कि संजय सरावगी की यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।







