नई दिल्ली, 7 दिसंबर। PAN Scam Alert : साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी खुद को बैंक या पुलिस अधिकारी बताकर कॉल करते हैं तो कभी ईमेल के जरिए जाल बिछाकर आपके फोन और कंप्यूटर तक पहुंचने की कोशिश करते हैं। अब ठगों ने “ई-पैन कार्ड डाउनलोड” के नाम पर एक नया फर्जीवाड़ा शुरू कर दिया है, जिससे सावधान रहने की जरूरत है।
ईमेल आया है तो सतर्क हो जाएं
PAN Scam Alert : यदि आपके पास भी ई-पैन कार्ड डाउनलोड करने के लिए कोई ईमेल आया है तो सतर्क हो जाएं। सूचना और प्रसारण ब्यूरो (PIB) ने इस तरह के ईमेल को फर्जी करार दिया है। ऐसे मेल में दिए गए लिंक पर क्लिक करना या अटैचमेंट डाउनलोड करना आपके मोबाइल या सिस्टम के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है, क्योंकि इसके जरिए वायरस या खतरनाक सॉफ्टवेयर आपके डिवाइस में प्रवेश कर सकता है।
फर्जी होते हैं ऐसे ईमेल
PAN Scam Alert : पीआइबी के फैक्ट चेक के अनुसार इस तरह के ईमेल पूरी तरह जाली हैं। इनमें आमतौर पर आपसे आपकी निजी और वित्तीय जानकारी, जैसे पैन नंबर, बैंक डिटेल, पासवर्ड, ओटीपी और क्रेडिट कार्ड की जानकारी मांगी जाती है। याद रखें, आयकर विभाग कभी भी ईमेल या मैसेज के जरिए इस तरह की संवेदनशील जानकारी नहीं मांगता है।
न करें किसी पर भरोसा
PAN Scam Alert : इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने भी स्पष्ट किया है कि वह व्यक्तिगत विवरण मांगने के लिए कोई अनधिकृत ईमेल नहीं भेजता। यदि किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा आयकर विभाग का अधिकारी बनकर आपसे जानकारी मांगी जाती है तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें, न ही उसका जवाब दें।
अटैचमेंट खोलने की गलती न करें
PAN Scam Alert : अगर आपके पास कोई संदिग्ध ईमेल आता है तो उसमें दिए गए अटैचमेंट को खोलने की गलती न करें। इनमें ऐसे वायरस या खतरनाक कोड हो सकते हैं, जो आपके कंप्यूटर या मोबाइल को नुकसान पहुंचा सकते हैं और आपकी निजी जानकारी चोरी कर सकते हैं। साथ ही, किसी भी लिंक पर क्लिक करने से भी बचें, क्योंकि यह आपको किसी नकली वेबसाइट पर ले जा सकता है, जो दिखने में बिल्कुल असली जैसी होती है।
सुरक्षा साफ्टवेयर इस्तेमाल करें
PAN Scam Alert : सुरक्षा के लिए अपने डिवाइस में एंटीवायरस, एंटी-स्पाइवेयर और फायरवॉल जैसे सुरक्षा सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करें और उन्हें समय-समय पर अपडेट करते रहें। यदि गलती से आपने किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर दिया है तो तुरंत अपने बैंक और संबंधित सेवाओं को सूचित करें और अपने पासवर्ड बदल दें।
सतर्कता ही बचाव
सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी अनजान ईमेल, लिंक या मैसेज पर कार्रवाई करने से पहले अच्छी तरह जांच लें, क्योंकि एक छोटी-सी लापरवाही आपको बड़े नुकसान में डाल सकती है।







