नई दिल्ली, 3 दिसंबर। IndiGo flights : देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो को बुधवार को गंभीर ऑपरेशनल संकट का सामना करना पड़ा, जब स्टाफ की भारी कमी के चलते उसे एक के बाद एक कई उड़ानें रद करनी पड़ीं। सुबह से ही विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं, जिससे देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
सर्वाधिक असर दिल्ली में
IndiGo flights : दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे व्यस्त एयरपोर्ट्स से उड़ान भरने और वहां पहुंचने वाली कई फ्लाइट्स या तो रद कर दी गईं या फिर घंटों देरी से संचालित हुईं। सबसे ज्यादा असर राजधानी दिल्ली और हैदराबाद के हवाई अड्डों पर देखने को मिला।
फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन का प्रभाव
IndiGo flights : सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों के दूसरे चरण के लागू होने के कारण इंडिगो के पायलट और केबिन क्रू की उपलब्धता में भारी कमी आ गई है। नए नियमों के तहत पायलट और क्रू के काम करने के घंटे सीमित कर दिए गए हैं, जिससे कई कर्मचारियों की ड्यूटी शेड्यूल से हटानी पड़ी। नतीजतन, कई विमान अलग-अलग एयरपोर्ट्स पर खड़े रह गए और उड़ानों का संचालन संभव नहीं हो पाया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर ही 40 उड़ानें रद
IndiGo flights : जानकारी के मुताबिक, केवल दिल्ली एयरपोर्ट पर ही लगभग 40 उड़ानें रद कर दी गईं, जिससे पूरे दिन का शेड्यूल बुरी तरह से बिगड़ गया। इसी तरह हैदराबाद एयरपोर्ट से करीब 30 उड़ानें रद की गईं। इन रद उड़ानों के कारण हजारों यात्री अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। उन्हें या तो घंटों इंतजार करना पड़ा या फिर अपनी यात्रा की योजना पूरी तरह से बदलनी पड़ी।
एयरपोर्ट प्रशासन ने दी यह जानकारी
IndiGo flights : हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (RGIA) प्रशासन ने बताया कि इंडिगो की उड़ानें रद होने के पीछे मुख्य कारण एयरलाइन से जुड़े तकनीकी और ऑपरेशनल मुद्दे हैं। स्टाफ की कमी के अलावा सिस्टम संबंधी दिक्कतें और एयरपोर्ट पर बढ़ी हुई भीड़ ने भी हालात को और गंभीर बना दिया है।
इंडिगो की ओर से जारी बयान में स्वीकार किया गया कि ऑपरेशनल मजबूरियों के चलते उड़ानों को रद और देरी से चलाना पड़ा है। एयरलाइन ने कहा कि स्थिति को सामान्य करने के लिए उसकी तकनीकी और ऑपरेशनल टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं।
यात्रियों को वैकल्पिक सीटें देने का प्रयास
IndiGo flights : एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद हुई हैं, उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट्स में सीट देने का प्रयास किया जा रहा है। जिन यात्रियों के लिए यह संभव नहीं हो पा रहा, उन्हें टिकट की पूरी राशि वापस की जा रही है। वहीं, देरी से चल रही फ्लाइट्स के यात्रियों को हरसंभव सहायता और जानकारी प्रदान की जा रही है।
इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए यात्री एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल एप या ग्राहक सेवा केंद्र से ताजा अपडेट प्राप्त कर सकते हैं। ऐसा करने से अनावश्यक परेशानी और हवाई अड्डों पर अतिरिक्त भीड़ से बचा जा सकता है।
एयरलाइन ने जताया खेद
IndiGo flights : एयरलाइन ने इस पूरे घटनाक्रम पर खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों का भरोसा उसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है और उन्हें हुई असुविधा के लिए वह दिल से माफी मांगती है। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही हालात पर काबू पा लिया जाएगा और उड़ान सेवाएं सामान्य कर दी जाएंगी।







