रायबरेली/मुरादाबाद, 27 सितंबर। Poster war : उत्तर प्रदेश में ‘आइ लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद से धार्मिक और राजनीतिक तनाव गहराता जा रहा है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में भाजपा युवा मोर्चा के नेताओं ने काउंटर कैंपेन शुरू कर दिया है। शहर के प्रमुख चौराहों पर ‘आइ लव जय श्री राम’, ‘आई लव योगी आदित्यनाथ’ और ‘आई लव बुलडोजर’ के बैनर लगाए गए हैं।
इन स्थानों पर नजर आ रहे पोस्टर
ये बैनर रतापुर, त्रिपुला समेत अन्य चौराहों पर प्रमुखता से नजर आ रहे हैं। भाजपा युवा मोर्चा के नि. मंडल अध्यक्ष विष्णु पद सिंह ने इन बैनरों को लगवाया।
Poster war : उन्होंने कहा— “हमने रायबरेली के कई चौराहों और अन्य कई स्थानों पर आई लव जय श्री राम, आई लव योगी आदित्यनाथ के पोस्टर लगवाए हैं। हमने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि भगवान जय श्री राम हिंदू आस्था के प्रतीक हैं और योगी आदित्यनाथ उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए राम राज्य की स्थापना कर रहे हैं और गुंडे माफियाओं पर नकेल कस रहे हैं। सीएम योगी प्रदेश में हर जगह किसान, नौजवान, पीड़ित, शोषित, वंचित, पीड़ित और आदिवासी सभी के समान अवसर पैदा कर रहे हैं। उनसे प्रेरित होकर हमने इन पोस्टरों को लगाया है।”
मुरादाबाद में भी पोस्टर
Poster war : मुरादाबाद में भी पोस्टरवार चल रहा है। लाजपत नगर में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में कई लोग आई लव योगी, आई लव मोदी, आई लव महादेव के पोस्टर पकड़े हुए आए। कुछ लोगों ने तिरंगा फहराया। यह जुलूस ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद के जवाब में निकाला गया था, जहां लोगों को मंदिर में पूजा के बाद नारेबाजी करते देखा गया था। स्थानीय हिंदू संघों ने इसे ‘हिंदुत्व की विजय’ का प्रतीक बताया। मुरादाबाद में पहले भी सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं हुई हैं, इसलिए पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की है।
यहां से शुरू हुआ है विवाद
Poster war : बता दें कि कानपुर के बारावफात जुलूस से पूरा विवाद शुरू हुआ था, जहां ‘आई लव मोहम्मद’ बैनर लगाने पर हंगामा हुआ था। पुलिस के द्वारा बैनर हटाने पर मुस्लिम जनता ने विरोध प्रदर्शन किया, जो बरेली, लखनऊ और अन्य शहरों में फैल गया। हिंदू संगठनों ने अब प्रतिक्रिया में ‘आई लव महादेव’ और ‘आई लव राम’ जैसे पोस्टर लगाए हैं।







