बरेली, 27 सितंबर। Bareilly riots : बरेली में शुक्रवार को हुए हंगामे के बाद पुलिस ने 10 एफआइआर दर्ज की हैं। मामले में 39 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। साथ ही इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। बरेली पुलिस ने इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आइएमसी) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
तौकीर रजा की अहम भूमिका
डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि मामले में तौकीर रजा की भूमिका को देखते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सामने आए तथ्यों के आधार पर पता चला है कि इसमें तौकीर रजा की अहम भूमिका है। उनकी तरफ से एक हफ्ते पहले धरना प्रदर्शन की सूचना थी। पुलिस लगातार तौकीर रजा से संपर्क में रही।
डीआइजी के अनुसार, हंगामे को लेकर तौकीर रजा के संगठन के कुछ लोगों का नाम भी सामने आया है। उनके खिलाफ कुछ सबूत भी हैं। इन लोगों के नाम एफआइआर में दर्ज किए गए हैं।
22 पुलिस वाले घायल
Bareilly riots : उन्होंने बताया कि शुक्रवार की घटना के संबंध में अब तक कुल 10 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। डीआइजी ने यह भी बताया कि घटनास्थल से हथियार, खाली खोखे, कुछ बोतलें और घटना में इस्तेमाल की गई अन्य सामग्री बरामद की गई है। कुल 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है।
कठोर कार्रवाई की जाएगी
Bareilly riots : बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जुमे की नमाज के बाद कुछ जगहों पर हिंसक प्रदर्शन किया गया। हम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि इस मामले में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एफआइआर को लेकर एसएसपी ने बताया कि घटनाओं को लेकर थाना कोतवाली में 5 एफआइआर दर्ज की गई है, जबकि थाना बारादरी में दो और किला, प्रेम नगर और कैंट पुलिस थानों में एक-एक एफआइआर की गई है।
उन्होंने बताया कि कुल 8 अपराधियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। इसमें मौलाना तौकीर रजा भी शामिल है। कोर्ट के आदेश के बाद सभी 8 आरोपियों को जेल में भेजा गया है।







