मोतिहारी, 20 अगस्त। Motihari : मोतिहारी के रहने वाले बॉलीवुड के अभिनेता निर्देशक डा. राजेश अस्थाना को वर्ष 2025 के पं. राजकुमार शुक्ल स्मृति सम्मान के लिए चुना गया है। यह राष्ट्रीय सम्मान उनको उनकी चर्चित फ़िल्म “चम्पारण सत्याग्रह” के निर्माण एवं पंडित राजकुमार शुक्ल की भूमिका के लिए दिया जाएगा।
31 अगस्त को पटना में होगा कार्यक्रम
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाने वाला यह सम्मान डा. राजेश अस्थाना को 31 अगस्त को पटना के गर्दनी बाग स्थित सुप्रसिद्ध बापूधाम टावर में चम्पारण सत्याग्रह के सूत्रधार पंडित राजकुमार शुक्ल की 150 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में दिया जाएगा।
लाडो बानी फैन्स क्लब (ट्रस्ट) कर रहा है आयोजन
Motihari : समारोह का आयोजन लाडो बानी फैन्स क्लब (ट्रस्ट) पटना द्वारा किया गया है। संस्थान की केंद्रीय अध्यक्ष सुप्रसिद्ध संस्कृतिकर्मी व समाजसेवी रागिनी पटेल ने डा. राजेश अस्थाना को पत्र द्वारा उन्हें वर्ष 2025 का पं. राजकुमार शुक्ल स्मृति सम्मान ग्रहण करने हेतु अनुमति मांगा और डा. अस्थाना ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है। इस मौके पर बिहार के माननीय राजनेताओं सहित बड़ी संख्या में गण्यमान्य प्रबद्धजनों को देशभर से आमंत्रित किया गया है।

पुस्तक “चम्पारण सत्याग्रह गाथा” से संदर्भित
Motihari : उल्लेखनीय है कि युवराज मीडिया एण्ड एंटरटेनमेंट द्वारा कॉरपोरेट रूप में बन रही यह फ़िल्म सुप्रसिद्ध गाँधीवादी ब्रजकिशोर सिंह लिखित “चम्पारण में बापू” एवं डा. राजेश अस्थाना द्वारा लिखित पुस्तक “चम्पारण सत्याग्रह गाथा” से संदर्भित है।
चम्पारण में नील की खेती, अंग्रेज निलवरों द्वारा शोषण-अत्याचार, किसान आंदोलन, चम्पारण सत्याग्रह हेतु गाँधी का आगमन, मुक्तिपर्व एवं वर्तमान परिदृश्य की चलचित्र विधा में इस अनकही कथा को देश-दुनिया से परिचित कराने के लिए युवा फ़िल्मकार ई. युवराज द्वारा निर्मित “चम्पारण सत्याग्रह” की परिकल्पना, कथानक, स्क्रिप्ट, संवाद, अभिनय एवं निर्देशन का जिम्मा राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त बिहार के चर्चित फिल्मकार डा. राजेश अस्थाना ने संभाला है।
कई देशों में फिल्म का हो चुका है प्रदर्शन
Motihari : भारत के अलावा नेपाल, बांग्लादेश, म्यांमार (वर्मा) सिंगापुर, मलेशिया और अफ्रीका में आयोजित फिल्म फेस्टिवल समारोहों में फ़िल्म चम्पारण सत्याग्रह ने जबरदस्त धूम मचाई है।







