'एन पी एन लाइव'

Deoghar : देवघर में 14 दिनों में 23 लाख से ज्यादा शिवभक्तों ने कामना ज्योतिर्लिंग पर किया जलार्पण

SHARE:

Deoghar

देवघर, 24 जुलाई। Deoghar : झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पिछले 14 दिनों में 23 लाख 73 हजार 874 कांवरियों ने जलार्पण किया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बाबा धाम में भगवान शंकर के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक कामना महादेव प्रतिष्ठापित हैं। सावन के महीने में सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से लेकर जल लेकर 108 किलोमीटर लंबी यात्रा पैदल तय कर प्रतिदिन कांवरिए यहां जलार्पण के लिए पहुंचते हैं।

कैमरों से मेला क्षेत्र पर निगरानी

देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि राजकीय श्रावणी मेले में आ रहे कांवरियों और श्रद्धालुओं को 24 घंटे सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन तत्पर है। मेला क्षेत्र में 564 मजिस्ट्रेट और करीब 9,650 पुलिस जवान तैनात हैं। साथ ही 4 सीआरपीएफ की कंपनियां और एनडीआरएफ की टीम भी मौजूद हैं। 765 सीसीटीवी, 200 एआई कैमरे और 10 ड्रोन लगातार मेला क्षेत्र पर निगरानी रख रहे हैं।

मंदिर की आय बढ़ी

Deoghar : इस बीच मंदिर की कुल आय 2 करोड़ 39 लाख रुपये से ज्यादा हुई है। शीघ्र दर्शनम कूपन से 1 करोड़ 84 लाख रुपये की आमदनी हुई है। वहीं, परिवहन विभाग ने 90 लाख और नगर निगम ने 40 लाख रुपये से ज्यादा राजस्व इकट्ठा किया है।

श्रद्धालुओं के रहने के लिए पर्याप्त इंतजाम

Deoghar : उपायुक्त ने बताया कि शिवभक्तों के इलाज और सुविधा के लिए 34 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए हैं, जहां अब तक 71,795 श्रद्धालुओं का इलाज किया गया है। इसमें 48,318 पुरुष, 20,416 महिलाएं और 3,061 बच्चे शामिल हैं। मेला क्षेत्र में 24 एम्बुलेंस, 26 डायल 108 एंबुलेंस और 5 मेडिकल जीप तैनात हैं। अब तक 37,387 बच्चों को पोलियो निरोधी दवा पिलाई जा चुकी है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 101 स्थानों पर इंतजाम किए गए हैं। कोठिया टेंट सिटी में 1,500 और बाघमारा टेंट सिटी में 350 बेड की व्यवस्था की गई है, जबकि आध्यात्मिक भवन में 10 हजार लोग रह सकते हैं।

शिवलोक परिसर में ड्रोन शो होगा

Deoghar : उपायुक्त ने बताया कि सावन की अगली सोमवारी पर बाबाधाम में बनाए गए शिवलोक परिसर में ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। शिवगंगा और जलसार में प्रतिदिन लेजर शो और बाबा मंदिर पर थ्री-डी मैपिंग शो के जरिए भी श्रद्धालुओं को बाबा धाम की कथा दिखाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई