'एन पी एन लाइव'

Bihar Band : बिहार में मतदाता पुनरीक्षण के विरोध में सड़कों पर उतरा विपक्ष, बंद का व्यापक असर

SHARE:

Bihar Band

बेगूसराय/पूर्णिया। Bihar Band : चुनाव आयोग के मतदाता पुनरीक्षण के विरोध में बुधवार को महागठबंधन के बिहार बंद को लेकर जगह-जगह बंद समर्थक झंडा और बैनर के साथ सड़कों पर उतरे। लोगों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

‎बेगूसराय में महागठबंधन के नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर गहन पुनरीक्षण का कार्य कर रहा है। चुनाव आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से काटने के लिए यह पुनरीक्षण कर रही है।

ग्रामीण सड़कें भी जाम

Bihar Band : बेगूसराय में साहेबपुर कमल, बलिया चकिया में जहां एनएच 31 को जाम किया, वहीं ग्रामीण सड़कों पर भी दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सीपीआई नेता शंभू देव ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण को लेकर बिहार के मतदाताओं को वोट देने से रोकने की साजिश चल रही है। निर्वाचन आयोग को यह अधिकार नहीं है कि वह किसी की नागरिकता समाप्त करे। इसी के विरोध में आज हम सड़कों पर उतरे हैं। ‎

पूर्णिया में भी बंद समर्थकों ने निकाला जुलूस

‎इधर, राजद के नेता महावीर यादव ने कहा कि हमलोगों को वोट देने का अधिकार मिला था, लेकिन सरकार के इशारे पर यह अधिकार भी चुनाव आयोग द्वारा छीनने की कोशिश की जा रही है। बेगूसराय का चक्का जाम पूर्णतः सफल है। ‎ ‎इस बीच, पूर्णिया में भी बंद समर्थक सड़कों पर उतरे। बंद समर्थक सड़क पर मुख्य चौराहा पर धरना दिया और जुलूस निकालकर दुकानों को बंद कराया।

राजद नेता मिथिलेश दास ने कहा कि महागठबंधन के वोटरों को रोकने की यह साजिश रची जा रही है। लेकिन, कोई भी उपाय कर ले, इस बार बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता है। सभी संवैधानिक संस्थाओं को जिस तरह कठपुतली बनाया गया है उसका विरोध यहां की जनता कर रही है। आज गरीबों को कागज के लिए मजबूर किया जा रहा है। ‎

जमुई में बांस बल्ला लगाकर प्रमुख मार्ग किया जाम

Bihar Band :  ‎जमुई में भी कई इलाकों में राजद और भाकपा-माले के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर प्रमुख मार्गों को पूरी तरह जाम कर दिया।

जमुई शहर के कचहरी चौक पर राजद नेता व पूर्व मंत्री विजय प्रकाश, राजद जिलाध्यक्ष डॉ. त्रिवेणी यादव, माले नेता बाबू साहब सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ‎ ‎प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह वोटर वेरिफिकेशन भाजपा सरकार की एक साजिश है, जिससे लोगों का नाम वोटर लिस्ट से हटाया जा रहा है। मौके पर पुलिस बल तैनात है। ‎ ‎

जमुई राजद नेता सह पूर्व मंत्री विजय प्रकाश यादव ने कहा कि एक साजिश के तहत मतदाताओं को वोट देने से रोकने की साजिश की जा रही है, जिसके विरोध में हम सभी महागठबंधन के साथी सड़कों पर उतरे हैं। यह हक और अधिकार की बात है। अगर आज फर्जी मतदाता हैं तो 2024 का लोकसभा चुनाव भी फर्जी है। आज गरीबों को वोट देने से वंचित किया जा रहा है। ‎

राजद नेता ने यह कहा

Bihar Band :  ‎जमुई के राजद नेता अजय प्रताप सिंह ने कहा कि यह तुगलकी फरमान है जो गलत है। इनकी मंशा है कि जो महागठबंधन के कोर वोटर हैं वे मतदान नहीं कर सकें। जब लोकसभा चुनाव में मान्य थे तो अब कैसे गलत हो गया। आधार कार्ड कैसे अवैध हो गया। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण का कार्य रोका जाए। अगर यह कराना था तो इसे लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद करना चाहिए था।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई