नई दिल्ली। Plane crash : अहमदाबाद विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। अब विमान का ब्लैक बॉक्स (फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर) बरामद कर लिया गया है, जिससे हादसे की असली वजहों की गुत्थी सुलझेगी।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स मिलने की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआइबी) ने अहमदाबाद में दुर्घटना स्थल से 28 घंटे के भीतर फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर (ब्लैक बॉक्स) बरामद कर लिया है। यह जांच में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे घटना की जांच में काफी मदद मिलेगी।”
दरअसल, अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की पैसेंजर फ्लाइट एआई 171 गुरुवार दोपहर क्रैश हो गई। इसमें चालक दल के 12 सदस्यों समेत 242 लोग सवार थे, जिनमें सिर्फ एक व्यक्ति जिंदा बचा है। गुरुवार दोपहर 1:38 बजे जैसे ही विमान ने उड़ान भरी, हवाई अड्डे के बाहर स्थित एक अस्पताल के हॉस्टल से टकरा गया और उसमें आग लग गई।
जान गंवाने वालों में विजय रूपाणी भी
Plane crash : विमान हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं। यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे।
प्रधानमंत्री ने ली हादसे की जानकारी
Plane crash : हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम राजनीतिक दिग्गजों ने शोक प्रकट किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे, जहां से वह दुर्घटना स्थल गए और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लगभग 20 मिनट तक घटनास्थल का मुआयना किया और राहत कार्यों में लगे अधिकारियों तथा एनडीआरएफ की टीमों से जानकारी ली।
इसके बाद वह अहमदाबाद के सिविल अस्पताल गए, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली, और एकमात्र जीवित बचे यात्री विश्वास कुमार रमेश से भी बात की। अस्पताल में भर्ती घायलों में कुछ हॉस्टल के छात्र थे। पीएम मोदी के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी मौजूद थे।







