'एन पी एन लाइव'

Britain: आतंकवाद में पैसा इस्तेमाल कर रहा पाक, आर्थिक पैकेज रोके आइएमएफ : राघव

SHARE:

लंदन/नई दिल्ली। Britain : आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को विश्व समुदाय से आतंकवाद रोकने के लिए पाकिस्तान के खिलाफ ठोस कदम उठाने की अपील की और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सटीक रणनीति और नैतिकता का शानदार उदाहरण बताया।

लंदन में आयोजित ‘आइडियाज फॉर इंडिया 2025’ कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने विश्व समुदाय से अपील की कि वे पाकिस्तान को पीड़ित राष्ट्र के रूप में देखना बंद करें और उसे आतंकवाद फैलाने के लिए जिम्मेदार मानें। उन्होंने कहा, “झूठ और कर्ज साथ-साथ नहीं चल सकते। कूटनीति और छल-कपट साथ नहीं हो सकते। आतंकवाद और टॉलरेंस दोनों साथ नहीं चल सकते। खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।”

पाक को सभी मदद रोकने की मांग

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) से पाकिस्तान को दी जाने वाली सभी तरह की आर्थिक और अन्य मदद को तत्काल रोकने की मांग की। उन्होंने कहा, “भारत स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और रिसर्च में निवेश कर रहा है। लेकिन पाकिस्तान केवल सैन्य ताकत और कट्टरपंथ में निवेश कर रहा है।” उन्होंने कहा कि आइएमएफ को यह सोचना चाहिए कि पाकिस्तान को दिया जाने वाला पैसा कहां खर्च हो रहा है। क्या यह पैसा स्वास्थ्य, शिक्षा या इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च हो रहा है।

क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा है पाकिस्तान

Britain :  सांसद ने कहा कि पाकिस्तान की नीतियां और आतंकवाद को बढ़ावा देने की उसकी रणनीति क्षेत्रीय और वैश्विक शांति के लिए खतरा हैं। उन्होंने विश्व समुदाय से अपील की कि वह पाकिस्तान की असलियत को समझें और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाएं।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को उन्होंने सीमा-पार आतंकवाद के खिलाफ एक मिसाल और सटीक रणनीति तथा नैतिकता का शानदार उदाहरण बताया। उन्होंने कहा, “भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए एक शांतिपूर्ण, सटीक और सुनियोजित जवाब दिया। हमने सीमा पार पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ढांचे को निशाना बनाया, न कि नागरिकों या सैन्य ठिकानों को। यह भारत की ताकत और आत्मनिर्भरता का प्रमाण है।” उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने न केवल भारत की सैन्य क्षमता को दिखाया, बल्कि स्वदेश में ही बने हथियारों की ताकत का जलवा पूरी दुनिया ने देखा।

Britain : उन्होंने कहा कि भारत हमेशा शांति और दोस्ती का पक्षधर रहा है, लेकिन “अगर कोई गलत हरकत करता है तो हमारा दोस्ती का हाथ प्रतिशोध की मुट्ठी में बदल सकता है”।

भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

राघव चड्ढा ने ‘भारत एक बहुध्रुवीय दुनिया’ विषय पर चर्चा में भारत की रणनीतिक स्वतंत्रता, वैश्विक प्रभाव, और ग्लोबल नॉर्थ और ग्लोबल साउथ के बीच ब्रिज की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। जब दुनिया व्यापार और सप्लाई चेन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है, तब भारत एक बड़े डेवलपमेंट सेंटर के तौर पर उभर रहा है। जहां भारत सॉफ्टवेयर, शिक्षा, और तकनीक का निर्यात करता है, वहीं “पाकिस्तान केवल एक चीज का निर्यात करता है, और वह है आतंकवाद”।

भारत और ब्रिटेन के बीच गहरे संबंधों पर जोर

आप सांसद ने भारत और ब्रिटेन के बीच गहरे संबंधों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक परिदृश्य में दोनों देशों के पास अपने रिश्तों को और मजबूत करने का सुनहरा मौका है। दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौता इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह न केवल व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि दोनों देशों के बीच तकनीकी और रणनीतिक सहयोग को भी गहरा करेगा।

‘आइडियाज फॉर इंडिया कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन ब्रिटेन के प्रतिष्ठित थिंक टैंक ‘ब्रिज इंडिया’ द्वारा लंदन के रॉयल लैंकेस्टर में किया गया। यह इंडिया वीक का मुख्य हिस्सा है, जो भारत के आर्थिक और वैश्विक विकास पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण मंच है।

दक्षिण कोरिया में पाकिस्तान को लताड़ा था

Britain : इससे पहले इसी महीने 21 मई को भी राघव चड्ढा ने दक्षिण कोरिया के सोल में आयोजित एशियन लीडरशिप कॉन्फ्रेंस 2025 में पहलगाम में हुए पाकिस्तान समर्थित आतंकी हमले की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की तारीफ करते हुए कहा था, “भारत अब आतंकवाद के खिलाफ केवल शोक व्यक्त नहीं करता, बल्कि सटीक और निर्णायक सैन्य कार्रवाई के जरिए जवाब देता है। भारत शांति में विश्वास करता है, लेकिन आतंकवाद का समर्थन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”—आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई