'एन पी एन लाइव'

IPL: रोहित शर्मा का तूफानी अर्धशतक, मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को दिया 229 रन का लक्ष्य

SHARE:

मुल्लांपुर। IPL : इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का एलिमिनेटर मुकाबला शुक्रवार को गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 228/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया है। अब गुजरात टाइटंस को फाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए 229 रन की जरूरत है।

बेहद अहम मैच में मुंबई के लिए पारी की शुरुआत करने रोहित शर्मा और जॉनी बेयरेस्टो उतरे थे। दोनों ने 7.2 ओवर में 84 रन की साझेदारी की। बेयरेस्टो 22 गेंद पर तीन छक्के और चार चौके की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए।

रोहित शर्मा ने 50 गेंद पर चार छक्के और नौ चौके लगाते हुए 81 रनों की धुआंधार पारी खेली। रोहित के पास अपना तीसरा आइपीएल शतक पूरा करने का मौका था, लेकिन रन गति बढ़ाने की कोशिश में वह अपना विकेट गंवा बैठे।

IPL : मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या ने छोटी लेकिन अहम और विस्फोटक पारियां खेलीं। सूर्यकुमार यादव ने 20 गेंद में तीन छक्के और एक चौके की मदद से 33 रन, तिलक वर्मा ने 11 गेंदों पर तीन छक्के लगाते हुए 25 और हार्दिक पांड्या ने नौ गेंद पर तीन छक्के लगाते हुए 22 तेज रन बनाए।

इन्हीं पारियों के दम पर मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए।

IPL : गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। पूरे सीजन अपनी गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा महंगे साबित हुए। कृष्णा ने चार ओवर में 53 रन लुटाए, हालांकि उन्हें दो विकेट भी मिले। गेराल्ड कोएट्जी ने तीन ओवर में 51 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। सिराज ने चार ओवर में 37 रन देकर एक और साई किशोर ने चार ओवर में 42 रन देकर दो विकेट लिए।

इस मैच को जीतने वाली टीम को फाइनल में जगह बनाने के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ 1 जून को जीत दर्ज करनी होगी। वहीं इस मैच में हारने वाली टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।-आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई