जमुई। Bihar : बिहार में विधानसभा चुनाव इसी साल के अंत में होने वाले हैं। चुनाव को लेकर तमाम दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी बीच गुरुवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने यह संकेत दिए हैं कि चिराग पासवान विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
अरुण भारती ने कहा कि बिहार में युवा नेताओं की जरूरत है। पार्टी चाहती है कि चिराग पासवान बिहार की राजनीति में सक्रिय हों। इसके लिए उन्हें पार्टी की तरफ से विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भेजा गया है। अगर वह चुनाव लड़ने का प्रस्ताव स्वीकार करते हैं तो आने वाले समय में यह तय किया जाएगा कि वह किस सीट से उम्मीदवार होंगे।

मोदी और नीतीश कुमार के चेहरे पर होगा विस चुनाव
Bihar : क्या चिराग बिहार के अगले मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं? इस सवाल के जवाब में अरुण भारती ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा जाएगा। लेकिन, चिराग पासवान को बिहार के विकास के लिए बड़ी भूमिका में आना होगा।
चिराग ने दिया था यह बयान
Bihar : बता दें कि चिराग पासवान ने कुछ दिन पहले बयान दिया था कि वह बिहार की राजनीति में सक्रिय होना चाहते हैं और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं। इस बयान के बाद से ही उनके विधानसभा चुनाव लड़ने और चुनाव बाद सरकार में उनकी भूमिका को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी हैं।
चिराग पासवान अब तक अपने पिता रामविलास पासवान की तरह ही केंद्र की राजनीति करते रहे हैं। वह मौजूदा नरेंद्र मोदी सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हैं। 2014 और 2019 में वह बिहार की जमुई सीट से लोकसभा चुनाव जीते थे। 2024 में वह बिहार की हाजीपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। इस सीट से उनके पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान लंबे समय तक सांसद रहे थे।
नीतीश को उठाना पड़ा था नुकसान
Bihar : चिराग पासवान ने 2020 विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के खिलाफ उम्मीदवार उतारे थे। सीएम नीतीश को इसका नुकसान भी उठाना पड़ा था।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







