'एन पी एन लाइव'

Bihar: मोतिहारी में खड़े ट्रक में ऑटो ने मारी टक्कर, चार की मौत, तीन अन्य घायल

SHARE:

मोतिहारी। Bihar : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के डुमरिया घाट थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में ऑटो ने टक्कर मार दी। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

सभी मृतक एक ही परिवार के

बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार के लोग हैं, जो शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। महम्मदपुर निवासी आसनारायण शाह की बेटी की शादी कोटवा थाना क्षेत्र में तय हुई थी। विवाह समारोह मोतिहारी के अवधेश चौक स्थित एक निजी होटल में संपन्न हुआ।

विदाई के बाद वधू पक्ष के कई लोग ऑटो पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक यह हादसा डुमरिया घाट थाना क्षेत्र के एक होटल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुआ। जहां सड़क के किनारे खड़े ट्रक से ऑटो की जबरदस्त टक्कर हुई।

एक की घटनास्थल पर ही मौत

इस घटना में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान दीपक साह (40), यश राज (20), रितेश (12) और नितेश (10) के रूप में की गई है। सभी मृतक परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। सभी मृतक बाड़ा गाँव के रहने वाले हैं।

डुमरिया घाट थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टेम्पू और खड़ी ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि टेम्पू चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में अन्य तीन घायलों का इलाज फिलहाल एक अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई