अलीपुरद्वार/नई दिल्ली। West Bengal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में एक रैली को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी। कहा— आपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। बंगाल की धरती से पाकिस्तान को याद दिलाया कि भारत की सेना ने पड़ोसी देश को तीन बार घर में घुसकर मारा है।
पाकिस्तान को सिंदूर की शक्ति का अहसास करा दिया
West Bengal: पीएम मोदी ने कहा, “आज जब ‘सिंदूर खेला’ की इस धरती पर आया हूं तो आतंकवाद को लेकर भारत के नए संकल्प की चर्चा स्वाभाविक है। गत 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने जो बर्बरता की, उसके बाद पश्चिम बंगाल में भी बहुत गुस्सा था। आपके भीतर जो आक्रोश था, आपका जो गुस्सा था, उसको मैं भली-भांति समझता था। आतंकवादियों ने हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने का दुस्साहस किया। हमारी सेना ने उनको सिंदूर की शक्ति का एहसास करा दिया। हमने आतंक के उन ठिकानों को तबाह किया, जिनकी पाकिस्तान ने कल्पना तक नहीं की थी।”
पाकिस्तान ने सिर्फ आतंक को पाला
उन्होंने आगे रैली को संबोधित करते हुए कहा, “आतंक को पालने वाले पाकिस्तान के पास दुनिया को देने के लिए कुछ भी सकारात्मक नहीं है। जब से वे अस्तित्व में आए हैं, तब से ही उसने सिर्फ आतंक को पाला है। साल 1947 में बंटवारे के बाद से ही उसने भारत पर आतंकवादी हमला किया। कुछ साल के बाद उसने यहां पड़ोस में, आज के बांग्लादेश में आतंक फैलाया।
140 करोड़ भारतीयों का एलान
West Bengal: आतंक और नरसंहार, यह पाकिस्तानी सेना की सबसे बड़ी विशेषज्ञता है। जब सीधा युद्ध लड़ा जाता है तो उसकी हार तय होती है। उसका पराजय निश्चित होता है। उसको मुंह की खानी पड़ती है। यही कारण है कि पाकिस्तान की सेना आतंकियों का सहारा लेती है। लेकिन, पहलगाम हमले के बाद अब भारत ने दुनिया को बता दिया है। भारत पर अब आतंकी हमला हुआ तो दुश्मन को उसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। पाकिस्तान समझ ले, तीन बार घर में घुसकर मारा है तुम्हें, बंगाल टाइगर की इस धरती से 140 करोड़ भारतीयों का एलान है ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है।”
टीएमसी पर जमकर हमला बोला
West Bengal: पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने तृणमूल को ‘निर्मम सरकार’ करार देते हुए कहा कि यह सरकार गरीबों और आम लोगों के हितों के खिलाफ काम कर रही है। पीएम मोदी ने यहां मंच से कहा कि बंगाल की जनता कह रही है कि ‘मची है चीख पुकार, नहीं चाहिए निर्मम सरकार।’







