इस्लामाबाद। Pahalgam attack : पाकिस्तान सरकार ने पहलगाम हमले में हुई जानमाल की हानि पर चिंता व्यक्त की, लेकिन इसे ‘आतंकवादी कृत्य’ बताने या इसकी निंदा करने से परहेज किया। मंगलवार को हुए आतंकी हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई।
यह क्रूर हमला पहलगाम के पास मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन घाटी में हुआ। भारी हथियारों से लैस आतंकवादी आसपास के घने जंगलों से निकले और पर्यटकों के एक समूह पर अंधाधुंध गोलीबारी की।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक संक्षिप्त बयान जारी कर कहा, “हम अनंतनाग जिले में हुए हमले में पर्यटकों की जान जाने से चिंतित हैं। हम मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर
हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं। सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और घाटी में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
मृतकों को श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बुधवार को श्रीनगर पुलिस नियंत्रण कक्ष में आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
मृतक पर्यटकों के पार्थिव शरीर को बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस नियंत्रण कक्ष लाया गया, जहां शीर्ष नेतृत्व द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मोदी ने की आपात बैठक
पहलगाम आतंकी हमला ऐसे समय में हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब के दौरे पर थे। इस दुखद समाचार के वह अपना दौरा बीच रद कर भारत लौट आए। दिल्ली पहुंचते ही एयरपोर्ट पर उन्होंने आपात बैठक बुलाई। इस अति महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव मौजूद थे।
प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा से वापसी के तुरंत बाद इस उच्च स्तरीय बैठक में हमले की गंभीरता, अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और सुरक्षा रणनीतियों पर विस्तार से मंथन किया गया।
मंगलवार को पहलगाम में निहत्थे पर्यटकों पर हुए कायराना हमले की चौतरफा निंदा हो रही है।
ट्रंप ने हरसंभव समर्थन की पेशकश की
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कॉल कर हरसंभव समर्थन की पेशकश की, जिस पर प्रधानमंत्री मोदी ने आभार जताते हुए कहा कि भारत कायराना हरकत करने वालों को नहीं बख्शेगा और उन्हें न्याय के कठघरे में खड़ा करने को प्रतिबद्ध है। -आइएएनएस
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







