'एन पी एन लाइव'

US Vice President : भारतीय पोशाक में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बच्चे, जीता दिल

SHARE:

US Vice President

नई दिल्ली। US Vice President : अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के बच्चों के नई दिल्ली पहुंचने पर पारंपरिक भारतीय परिधान पहने जाने का वीडियो इंटरनेट पर धूम मचा रहा है और सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।

वेंस अपनी पत्नी उषा और तीन बच्चों – इवान, विवेक और बेटी मीराबेल के साथ भारत की अपनी पहली यात्रा पर नई द‍िल्‍ली पहुंचे।

जयपुर और आगरा में कार्यक्रम

नई दिल्ली के बाद, अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल के पास 24 अप्रैल को वाशिंगटन के लिए रवाना होने से पहले जयपुर और आगरा में अन्य कार्यक्रम होंगे।

भारतीय संस्कृति को अपनाते हुए वेंस के बच्चे भारतीय परिधानों में एयर फोर्स टू से बाहर निकले। जहां दंपती के बेटों इवान और विवेक ने नीले और पीले रंग के कुर्ते पहने थे, वहीं तीन वर्षीय बेटी मीराबेल ने अनारकली शैली का सूट और कढ़ाई वाली जैकेट पहनी हुई थी।

अक्षरधाम मंदिर का दौरा

बाद में अमेरिकी उपराष्ट्रपति की पत्‍नी उषा वेंस और उनके बच्चों ने दिल्ली में अक्षरधाम मंद‍िर का भी दौरा किया, जो भारत में उनका पहला पड़ाव था।

‘एक्स’ पर एक यूजर ने पोस्ट किया, “वे भारतीय पोशाक में बहुत प्यारे लग रहे हैं।”

यात्रा के दौरान, परिवार ने मंदिर की राजसी कला, वास्तुकला और आस्था, परिवार और सद्भाव के कालातीत मूल्यों का अनुभव किया।

यह 13 वर्षों में किसी अमेरिकी उप-राष्ट्रपति की पहली भारत यात्रा है। पिछली बार जो बाइडेन, राष्ट्रपति बराक ओबामा के उप-राष्ट्रपति के रूप में 2013 में भारत आए थे।

उषा वेंस के माता-पिता आंध्र प्रदेश से

उषा वेंस के माता-पिता आंध्र प्रदेश से हैं, जो दशकों पहले संयुक्त राज्य अमेरिका चले गए थे। अमेरिका में जन्मी और पली-बढ़ी उषा की शिक्षा-दीक्षा बहुत अच्छी रही है। उन्होंने शीर्ष अमेरिकी संस्थानों से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने येल विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातक की डिग्री प्राप्त की और फिर कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की।

उनके पास कई क्षेत्रों में पेशेवर जुड़ाव के साथ एक प्रतिष्ठित करियर का ट्रैक रिकॉर्ड भी है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स के लिए क्लर्क के रूप में काम किया।

उषा और जेडी वेंस की मुलाकात येल लॉ स्कूल में हुई थी और वहीं से उनके बीच गहरी दोस्ती हुई। उन्होंने 2014 में केंटकी में शादी की और उनके तीन बच्चे हैं। -आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई