देवघर। statue of Baba Saheb : देवघर जिला अंतर्गत देवीपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने से स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। इस घटना के खिलाफ सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना पाकर झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी, देवघर के राजद विधायक सुरेश पासवान और देवघर एसपी अशोक सिंह मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। मंत्री हफीजुल अंसारी ने कहा है कि 24 घंटे के अंदर बाबा साहेब की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
बरियारपुर गांव में हाल ही में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की एक छोटी प्रतिमा स्थापित की गई थी। शनिवार को असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा को खंडित करने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैली। बरियारपुर सहित आस-पास के गांवों के सैकड़ों लोग जुट आए। घटना के खिलाफ आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन शुरू हो गया।
इसकी जानकारी मिलते ही देवघर के एसपी अशोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय विधायक सुरेश पासवान और मंत्री हफीजुल हसन अंसारी भी गांव पहुंचे। उन्होंने लोगों से घटना की जानकारी ली। मंत्री ने एसपी से कहा कि जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है, उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
हसन ने एक बयान में कहा, “जिस महान शख्स ने संविधान के माध्यम से समाज के वंचित वर्गों को समानता एवं सम्मान का अधिकार दिलाया, उनकी प्रतिमा का अपमान करने वाले को कभी भी माफ नहीं किया जाएगा। हेमंत सोरेन की सरकार बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के सम्मान को हर हाल में बनाए रखेगी। अगले 24 घंटे के भीतर बरियारपुर गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी।”
–आईएएनएस






