'एन पी एन लाइव'

Surya Kiran : रांची में सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के एयर शो ने किया रोमांचित

SHARE:

Surya Kiran

रांची। Surya Kiran : झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम स्थित खोजाटोली आर्मी ग्राउंड में आयोजित सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के एयर शो ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। साथ ही देश की रक्षा क्षमताओं से भी रूबरू कराया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इस अवसर पर कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि सूर्य किरण टीम ने अद्भुत प्रदर्शन कर देशवासियों का दिल जीत लिया है।

वायु सेना पहले से ज्यादा ताकतवर

संजय सेठ ने कहा कि भारत की वायुसेना आज पहले से कहीं ज्यादा ताकतवर और आधुनिक हो चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में आए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन चुका है। सूर्य किरण टीम के प्रदर्शन ने इस आत्मनिर्भर भारत की छवि को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि इस शो ने आसमान में हमारी आन-बान-शान, तिरंगे को फहराकर यह दिखा दिया कि भारत किसी भी चुनौती का मुकाबला करने में सक्षम है।

Surya Kiran
रांची: भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम शनिवार, 19 अप्रैल, 2025 को झारखंड के रांची के नामकुम में केंद्रीय रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित एयर शो के दौरान प्रदर्शन करती हुई। फोटो: राजेश कुमार
इंजीनियरों की मेहनत को सलाम

उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार रात हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि की वजह से सूर्य किरण टीम के तीन जहाज क्षतिग्रस्त हो गए थे, लेकिन हमारी वायुसेना के जांबाज इंजीनियरों ने दिन-रात मेहनत कर उन्हें फिर से उड़ान भरने लायक बना दिया। यह हमारी तकनीकी दक्षता और प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है। संजय सेठ ने इंजीनियरों की इस मेहनत को सलाम करते हुए कहा कि इसी जज्बे के कारण यह शो संभव हो पाया और दर्शकों को अद्वितीय अनुभव मिला।

सितंबर में एक और शो

रक्षा राज्य मंत्री ने मंच से कहा कि इस साल सितंबर में एक और भव्य एयर शो का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य एमएसएमई सेक्टर को प्रोत्साहन देना होगा। यह कार्यक्रम न केवल रक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों को बल देगा, बल्कि युवाओं में सैन्य सेवा को लेकर उत्साह भी बढ़ाएगा। उन्होंने सूर्य किरण टीम के सभी पायलटों और आयोजकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम रांची के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।

यह बोले स्थानीय लोग

एयर शो देखने आए स्थानीय निवासी मनीष वोघ ने कहा, “मैंने इससे पहले टीवी में ही एयर शो देखा था। आज मैंने सामने से देखा तो मुझे बहुत अच्छा लगा। मैं इस शो को दिखाने के लिए अपने बच्चे को भी ले आया हूं। मेरी बेटी ने यह शो देखकर कहा कि वह भी बड़ी होकर पायलट बनेगी।”

बता दें कि एयर शो में 9 हॉक जेट विमानों ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांच से भर दिया। रांचीवासियों के लिए यह दृश्य केवल गर्व का विषय नहीं था, बल्कि एक ऐसा पल था जिसने उन्हें गहरी देशभक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया। सूर्य किरण टीम के अनुभवी पायलटों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायुसेना की ताकत, तकनीकी क्षमता और अदम्य जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया।

-आइएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई