Tanishq Robbery Attempt : बोकारो के तनिष्क शोरूम में बड़ी डकैती की साजिश नाकाम
बोकारो, 11 जनवरी। Tanishq Robbery Attempt : झारखंड के बोकारो जिले में रविवार शाम एक सनसनीखेज वारदात होते-होते टल गई। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर के तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में टास्क फोर्स के नाम पर की जा रही डकैती की सुनियोजित कोशिश को कर्मचारियों की सूझबूझ और साहस ने विफल कर दिया।
पुलिस की वर्दी, नकली पहचान और बड़ा जाल
Tanishq Robbery Attempt : शाम करीब चार बजे पांच युवक शोरूम में दाखिल हुए, जिनमें से दो पुलिस की वर्दी में थे। खुद को स्पेशल टास्क फोर्स का सदस्य बताते हुए उन्होंने सुरक्षा ऑडिट का बहाना बनाया। बड़ी चतुराई से उन्होंने अलार्म सिस्टम, अग्निशमन यंत्रों और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली और हाल की लूट की घटनाओं का हवाला देकर कर्मचारियों का भरोसा जीतने की कोशिश की।
मैनेजर को हुआ शक, मांगा पहचान पत्र
Tanishq Robbery Attempt : इस दौरान वर्दीधारी युवकों ने कुछ तस्वीरें दिखाकर कर्मचारियों से सवाल-जवाब किए और सभी को एक जगह इकट्ठा रहने को कहा। तभी शोरूम मैनेजर अनिल कुमार को संदेह हुआ। उन्होंने कथित पुलिसकर्मियों से पहचान पत्र दिखाने और स्थानीय थाना प्रभारी से बात कराने की मांग कर दी।
मुख्य द्वार पर हंगामा, गार्ड से छीनी बंदूक
Tanishq Robbery Attempt : इसी बीच मास्क लगाए दो और युवक मुख्य द्वार से अंदर घुसने लगे। वहां तैनात सशस्त्र सुरक्षा गार्ड रघु महतो ने उन्हें रोककर मास्क हटाने को कहा। इस पर एक अपराधी ने गार्ड को जबरन अंदर खींच लिया और उसकी बंदूक छीन ली। देखते ही देखते सातों अपराधियों ने पिस्टल निकाल ली और करीब 30 कर्मचारियों व 15 ग्राहकों को डराने लगे।
अलार्म की आवाज बनी ढाल, अपराधी भागे
स्थिति गंभीर होते देख एक कर्मचारी ने साहस दिखाते हुए शोरूम का अलार्म बजा दिया। तेज सायरन सुनते ही अपराधी घबरा गए। वे तुरंत प्रथम तल से नीचे उतरे और बाहर खड़ी तीन अपाची मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए। भागते समय छीनी गई बंदूक को भी वे मौके पर ही फेंक गए।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
Tanishq Robbery Attempt : घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी आलोक रंजन और सेक्टर-4 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि सभी सात अपराधी तीन मोटरसाइकिलों से आए थे और दो अपराधी पुलिस की वर्दी में थे।
सतर्कता ने टाली बड़ी वारदात
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कर्मचारियों की सजगता और त्वरित निर्णय से बड़ी से बड़ी आपराधिक साजिश को भी नाकाम किया जा सकता है।







