'एन पी एन लाइव'

Bihar STET Result : बिहार के भावी शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी, एसटीईटी के रिजल्ट घोषित

SHARE:

Bihar STET Result 2025 Declared: 2.56 Lakh Candidates Qualify

पटना, 5 जनवरी। Bihar STET Result : बिहार में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे इंतजार के बाद बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने सोमवार को सेकेंडरी टीचर एलीजिबिलिटी टेस्ट (एसटीईटी) 2025 का परिणाम घोषित कर दिया। बीएसईबी के अध्यक्ष आनंद किशोर ने एक प्रेस वार्ता के माध्यम से परीक्षा परिणाम जारी किया। इस परीक्षा में शामिल हुए कुल 4.42 लाख अभ्यर्थियों में से 2.56 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को सफलता मिली है।

Bihar STET Result : दो चरणों में आयोजित हुई थी परीक्षा

बीएसईबी अध्यक्ष ने बताया कि एसटीईटी 2025 का आयोजन दो चरणों में किया गया था। पेपर-1 कक्षा 9 और 10 के शिक्षक बनने के लिए आयोजित किया गया, जबकि पेपर-2 कक्षा 11 और 12 के शिक्षक पात्रता के लिए था। दोनों ही परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) के माध्यम से पिछले वर्ष 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर के बीच आयोजित की गई थीं।

सफलता प्रतिशत 62.56 रहा

Bihar STET Result : पेपर-1 यानी कक्षा 9-10 के लिए आयोजित परीक्षा में कुल 2,46,415 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 1,54,145 अभ्यर्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। इस पेपर में सफलता प्रतिशत 62.56 रहा, जो अपेक्षाकृत बेहतर माना जा रहा है। वहीं, पेपर-2 यानी कक्षा 11-12 के शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 1,95,799 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इनमें 71,178 महिला और 1,24,621 पुरुष अभ्यर्थी शामिल थे। इस पेपर में 1,02,156 अभ्यर्थियों को सफलता मिली। उत्तीर्णता का प्रतिशत 52.17 दर्ज किया गया।

दोनों पेपर को मिलाकर कुल 4,42,214 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से कुल 2,56,301 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। सफल अभ्यर्थियों में 1,04,167 महिलाएं और 1,52,134 पुरुष शामिल हैं। कुल मिलाकर एसटीईटी 2025 का समग्र उत्तीर्णता प्रतिशत 57.96 रहा है।

16 विषयों की ली गई थी परीक्षा

Bihar STET Result : बीएसईबी द्वारा आयोजित इस परीक्षा में पेपर-1 के अंतर्गत कुल 16 विषयों की परीक्षा ली गई थी, जबकि पेपर-2 में 29 विषयों को शामिल किया गया था। परीक्षा परिणाम के साथ-साथ विषयवार अंक, क्वालिफाइंग स्टेटस और अन्य विवरण भी समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थी अपने प्रदर्शन की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकें।

अनिवार्य दस्तावेज

Bihar STET Result : समिति ने स्पष्ट किया है कि एसटीईटी 2025 में सफल अभ्यर्थियों को दिया गया प्रमाणपत्र बिहार में भविष्य में होने वाली किसी भी माध्यमिक या उच्च माध्यमिक शिक्षक बहाली प्रक्रिया के लिए अनिवार्य दस्तावेज होगा। यानी राज्य में जब भी शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी, उसमें शामिल होने के लिए एसटीईटी पास होना जरूरी होगा।

इतने निर्धारित किए गए थे अंक

Bihar STET Result : कटऑफ अंकों की बात करें तो एसटीईटी 2025 के लिए विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग न्यूनतम उत्तीर्णांक निर्धारित किए गए थे। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य थे। पिछड़ा वर्ग के लिए 45.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 42.5 प्रतिशत और महिला, दिव्यांग, अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए थे।

150 प्रश्न पूछे गए थे

Bihar STET Result : परीक्षा पैटर्न के अनुसार कुल 150 प्रश्न पूछे गए थे, जो 150 अंकों के थे। इनमें 100 अंक विषयवस्तु से संबंधित प्रश्नों के लिए और 50 अंक शिक्षण कला, शिक्षण विधि और अन्य शैक्षणिक दक्षताओं पर आधारित थे। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय (एमसीक्यू) थे और अभ्यर्थियों को राहत देते हुए गलत उत्तर पर किसी प्रकार की निगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई थी।

सफल अ​भ्यर्थियों में खुशी का माहौल

एसटीईटी 2025 के परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है, वहीं असफल अभ्यर्थी आगे की परीक्षाओं की तैयारी में जुटने की योजना बना रहे हैं। अब सभी की नजरें बिहार में आने वाली शिक्षक बहाली की अगली प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।

Leave a Comment