'एन पी एन लाइव'

Vitamin B12 : शरीर के लिए क्यों जरूरी है विटामिन बी12, जानें शाकाहारी लोगों के लिए इसके बेहतरीन स्रोत

SHARE:

Why Vitamin B12 Is Essential & Best Sources for Vegetarians

निवेदिता झा, नई दिल्ली। Vitamin B12 : हमारे शरीर को स्वस्थ रखने के लिए विटामिन्स की अहम भूमिका होती है। ये न सिर्फ कोशिकाओं की वृद्धि और विकास में मदद करते हैं, बल्कि ऊर्जा प्रदान करने, इम्युन सिस्टम को मजबूत बनाने और कई गंभीर बीमारियों से बचाव में भी सहायक होते हैं। इन्हीं में से एक बेहद जरूरी विटामिन है विटामिन बी12, जिसे कोबालामिन भी कहा जाता है। इसे नसों और रक्त को स्वस्थ रखने वाला विटामिन माना जाता है।

करता है लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण

Vitamin B12 : विटामिन बी12 शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है। नर्वस सिस्टम को दुरुस्त रखता है। डीएनए निर्माण में योगदान देता है। हार्मोन संतुलन बनाए रखता है और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करता है। इसकी कमी होने पर थकान, कमजोरी, चक्कर आना, हाथ-पैरों में झनझनाहट, याददाश्त कमजोर होना, मुंह में छाले और अवसाद जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक इसकी कमी बनी रहने पर नसों को स्थायी नुकसान भी पहुंच सकता है।

इन्हें लेना पड़ता है सप्लीमेंट

Vitamin B12 : विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में शाकाहारी लोगों में विटामिन बी12 की कमी अधिक देखने को मिलती है, क्योंकि इसका प्रमुख स्रोत मांस और मछली जैसे नॉन-वेज फूड होते हैं। शरीर स्वयं विटामिन बी12 नहीं बना सकता, इसलिए इसे भोजन या सप्लीमेंट के माध्यम से ही लेना पड़ता है।

इतनी होती है बी12 की जरूरत

Vitamin B12 : हेल्थ एक्सपर्ट बताते हैं कि एक सामान्य वयस्क व्यक्ति को प्रतिदिन करीब 2.4 माइक्रोग्राम विटामिन बी12 की आवश्यकता होती है। वहीं, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को इससे थोड़ी अधिक मात्रा की जरूरत होती है।

दूध, दही का करें नियमित सेवन

Vitamin B12 : शाकाहारी लोगों के लिए विटामिन बी12 के प्राकृतिक स्रोत सीमित जरूर हैं, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं। दूध, दही और छाछ का नियमित सेवन लाभकारी होता है। इसके अलावा पनीर और चीज भी विटामिन बी12 के अच्छे स्रोत माने जाते हैं। सीमित मात्रा में मक्खन का सेवन भी फायदेमंद हो सकता है। आजकल बाजार में उपलब्ध फोर्टिफाइड फूड्स जैसे फोर्टिफाइड अनाज, सोया मिल्क और प्लांट-बेस्ड मिल्क भी विटामिन बी12 की पूर्ति में मदद करते हैं।

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि शाकाहारी लोगों को अपने आहार में फोर्टिफाइड उत्पादों को शामिल करना चाहिए। यदि थकान या कमजोरी जैसे लक्षण लगातार बने रहें तो डॉक्टर से जांच कराकर जरूरत पड़ने पर सप्लीमेंट लेना चाहिए।

देर से पता चलता है लक्षण

Vitamin B12 : उम्र बढ़ने, लंबे समय तक एसिडिटी की दवाएं लेने या पाचन से जुड़ी समस्याओं के कारण शरीर में विटामिन बी12 का अवशोषण कम हो सकता है। खास बात यह है कि शरीर विटामिन बी12 को लिवर में लंबे समय तक स्टोर कर सकता है, इसलिए इसकी कमी के लक्षण देर से सामने आते हैं। ऐसे में समय रहते ध्यान देने से शाकाहारी लोग भी आसानी से इस जरूरी पोषक तत्व की कमी को दूर कर सकते हैं।

Nivedita Jha
Author: Nivedita Jha

Nivedita Jha is a graduate from Baba Saheb Bhimrao Ambedkar University. She is also a double post graduate. She has also done journalism. She has five years of experience in journalism.

Leave a Comment