नई दिल्ली, 19 नवंबर। Anmol Bishnoi : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई और करीबी सहयोगी अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत लाया गया और दिल्ली एयरपोर्ट पर ही एनआइए ने उसे हिरासत में ले लिया।
2022 से फरार चल रहा था
Anmol Bishnoi : अनमोल बिश्नोई 2022 से फरार चल रहा था और उसके ऊपर एनआइए की ‘मोस्टवांटेड’ सूची में 10 लाख रुपये का इनाम रखा गया था। वह लॉरेंस बिश्नोई के टेरर सिंडिकेट से जुड़ा 19वां आरोपी है। एनआइए प्रवक्ता ने बताया कि अनमोल को लुइसियाना से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही गिरफ्तार किया गया।
अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने 18 नवंबर को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के शिकायतकर्ता जीशान सिद्दीकी को ईमेल के जरिए अनमोल की डिपोर्टेशन की पुष्टि की थी। ईमेल में कहा गया था, “अनमोल बिश्नोई को अमेरिकी सरकार द्वारा देश से हटाया गया है। यह कार्रवाई 18 नवंबर 2025 को हुई।”
डीएनए से की थी पहचान
Anmol Bishnoi : अनमोल को नवंबर 2024 में कैलिफ़ोर्निया के सैक्रामेंटो में अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वहां एफबीआइ ने डीएनए और वॉइस सैंपल से उसकी पहचान की। इसके बाद लंबी डिपोर्टेशन प्रक्रिया चली। एनआइए ने मार्च 2023 में लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व में टेरर-गैंगस्टर साजिश मामले में अनमोल के खिलाफ 1200 पेज की चार्जशीट दाखिल की थी।
भारत में दिया था कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम
Anmol Bishnoi : जांच में सामने आया कि 2020 से 2023 के बीच अनमोल ने गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई के इशारों पर भारत में कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया। अमेरिका से ही वह गैंग के सदस्यों को निर्देश देता था। शूटरों को शरण, हथियार और लॉजिस्टिक सप्लाई मुहैया कराता था।
पंजाब के फाजिल्का का रहने वाला है अनमोल
Anmol Bishnoi : अनमोल पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला है। वह अप्रैल 2022 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए अमेरिका भागा, नेपाल, दुबई और केन्या के रास्ते से।
अनमोल का नाम कई हाई-प्रोफाइल मामलों में आता है। अक्टूबर 2024 में मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में वह मुख्य साजिशकर्ता था। शिकायतकर्ता जीशान सिद्दीकी के अनुसार, अनमोल ने शूटरों को सिद्दीकी की फोटो और लोकेशन भेजी थी।
इसके अलावा अप्रैल 2024 में सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग और मई 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी अनमोल का नाम सामने आया। उसके खिलाफ कुल 18 मामले दर्ज हैं, जिनमें जबरन वसूली, हत्या और हथियार तस्करी शामिल हैं।







