'एन पी एन लाइव'

RJD Election Results : चुनाव नतीजों पर RJD का हमला तेज, कानूनी लड़ाई के संकेत

SHARE:

RJD Election Results: Party Intensifies Attack, Signals Possible Legal Battle

पटना, 17 नवंबर। RJD Election Results : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के पक्ष में आए अप्रत्याशित नतीजों के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सोमवार को पार्टी की एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, सभी निर्वाचित विधायक और चुनाव हारने वाले उम्मीदवार मौजूद रहे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राजद अब भी इन नतीजों को पूरी तरह स्वीकार नहीं कर पा रही है और कानूनी तौर पर चुनाव परिणामों को चुनौती देने के विकल्प तलाश रही है।

“नतीजे चौंकाने वाले, बिना हेराफेरी संभव नहीं” — संजीव कुमार

RJD Election Results :बैठक के बाद परबत्ता के पूर्व विधायक संजीव कुमार ने मीडिया से बात करते हुए गहरी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम “अविश्वसनीय और चौंकाने वाले” हैं और यह बिना किसी गड़बड़ी के संभव ही नहीं था।

उन्होंने नीतीश कुमार की जीत को विकास कार्यों की देन बताने वाले दावों को खारिज करते हुए कहा,
“नीतीश कुमार तो वर्षों से विकास कर रहे थे, फिर भी उन्हें कभी इतनी बड़ी जीत नहीं मिली। मैंने भी अपने क्षेत्र में काफी विकास कार्य करवाए, फिर भी हार गया। यह सिर्फ विकास की जीत नहीं है।”

65 सीटों की सूची तैयार की गई थी

RJD Election Results :संजीव कुमार ने दावा किया कि चुनाव से पहले ही 65 सीटों की एक सूची तैयार की गई थी और उन्हीं सीटों को “टारगेट” किया गया। उन्होंने कहा— “मेरी सीट भी उस सूची में थी। मैंने खुद एक अफसर के पास यह लिस्ट देखी थी।”

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जहाँ आरजेडी के कई उम्मीदवारों को बड़े अंतर से जीत मिलने की उम्मीद थी, वहां वे बहुत कम मार्जिन से ही क्यों जीत पाए या हार गए।

पोस्टल बैलेट में बढ़त, ईवीएम में उलटफेर : भाई वीरेंद्र

RJD Election Results :मनेर से आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने भी ईवीएम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट की शुरुआती गिनती में आरजेडी प्रत्याशी आगे चल रहे थे, लेकिन ईवीएम की गिनती शुरू होते ही स्थिति अचानक बदल गई।

उन्होंने कहा— “हम बैलेट पेपर की वजह से जीते, ईवीएम की वजह से हारे। यह नतीजा सामान्य नहीं है। हमें इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई भी लड़नी होगी।”

भाई वीरेंद्र के अनुसार, पार्टी इन नतीजों का तकनीकी और सांख्यिकीय विश्लेषण कर रही है तथा कानूनी विकल्पों पर भी विचार हो रहा है।

निर्दलीय को एक भी वोट न मिलना चिंताजनक : शिवानी शुक्ला

RJD Election Results :लालगंज से आरजेडी उम्मीदवार शिवानी शुक्ला ने भी अपने क्षेत्र के परिणामों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक निर्दलीय प्रत्याशी को कथित तौर पर एक भी वोट नहीं मिला, जो सामान्य स्थिति में संभव नहीं लगता। उनके अनुसार, यह कई अनियमितताओं की ओर संकेत करता है।

राजद फिर बुलाएगी बैठक, कानूनी कदम पर हो सकता है फैसला

RJD Election Results :बैठक में शामिल नेताओं ने स्वीकार किया कि पार्टी को वोट शेयर के स्तर पर अच्छा समर्थन मिला, लेकिन अंतिम परिणाम इस समर्थन से मेल नहीं खाते।

राजद नेतृत्व आने वाले दिनों में एक और बैठक बुलाएगा, जिसमें चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराने या अदालत का रुख करने पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई