नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। Bihar Elections : बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा की पहली सूची में सभी समाजों को प्रतिनिधित्व मिला है। दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा और महिला सबकी भागीदारी लिस्ट में है। 17 ओबीसी, 11 अतिपिछड़ा और 9 महिलाओं को टिकट मिला है। वहीं, एससी-एसटी समाज के 6 उम्मीदवारों को भाजपा ने मैदान में उतारे हैं। 50 प्रतिशत से ज्यादा टिकट दलित, वंचित, पिछड़ा, अति पिछड़ा एवं महिला समाज को मिला है।
समाज के सभी वर्गों को साधते हुए भूमिहार के 11, ब्राह्मण के 7 और राजपूत के 15 के साथ कायस्थ और मारवाड़ी उम्मीदवारों को भी टिकट दिया गया है। नए चेहरों को भी कुम्हरार और पटना साहिब, राजनगर और औरंगाबाद जैसी सीटों पर पर्याप्त जगह मिली है।
नौ महिला उम्मीदवारों में ये शामिल
Bihar Elections : भाजपा की पहली लिस्ट में 9 महिला उम्मीदवारों की बात करें तो बेतिया से जहां पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी को प्रत्याशी बनाया गया है, वहीं परिहार से गायत्री देवी चुनावी मैदान में होंगी। नरपतगंज से भाजपा ने देवंती देवी को तो सीमांचल के किशनगंज से स्वीटी सिंह और प्राणपुर से निशा सिंह को चुनावी दंगल में उतारकर इन सीटों पर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
इसी तरह भाजपा ने कोढ़ा विधानसभा सीट से महिला प्रत्याशी कविता सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि औराई से रमा निषाद और वारसलीगंज से अरुणा देवी को टिकट थमाया है। जमुई से भाजपा ने फिर से श्रेयसी सिंह पर विश्वास जताया है।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव हार चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को दानापुर से और मिथिलेश तिवारी को बैकुंठपुर से उम्मीदवार बनाया है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तारापुर से भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है, जबकि विजय सिन्हा एक बार फिर लखीसराय के चुनावी समर में अपना दम दिखाएंगे।
नंदकिशोर यादव का टिकट कटा
Bihar Elections : भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष और पटना साहिब के विधायक नंदकिशोर यादव और कुम्हरार से अरुण कुमार सिन्हा का टिकट काट दिया है। हालांकि, गया शहर से मंत्री प्रेम कुमार अपनी उम्मीदवारी बचाने में सफल हो गए। इस चुनाव में एनडीए में शामिल भाजपा 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 71 के नाम सामने आ गए हैं। 30 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बाकी है।
बिहार में दो चरणों के तहत 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होनी है।
Author: ohm verma
Om Verma (ohm verma) is a graduate from Motilal Nehru College of Delhi University. He has done Journalism and Mass Communication from Kurukshetra University. He has worked in Hari Bhoomi newspaper published from Haryana. After this, he worked for Dainik Jagran as Chief Sub Editor for a long time. He held many important roles in the Noida office. During this time, he participated in debates on many national TV channels.







