'एन पी एन लाइव'

Bihar : प्रशांत किशोर ने किया वादा— 50 लाख युवाओं को वापस बुलाकर रोजगार देंगे

SHARE:

Bihar : Prashant Kishore made a promise- 50 lakh youth will be called back and given employment

पटना, 23 अगस्त। Bihar : जन सुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर ने शनिवार को पटना के पालीगंज विधानसभा क्षेत्र के दुल्हिन बाजार स्थित पानी टंकी मैदान में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर जुबानी हमला बोला।

राजद सुप्रीमो पर सीधा निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के लोगों को लालू प्रसाद यादव से सीखना चाहिए कि बच्चों की चिंता क्या होती है। उनका बेटा नौवीं कक्षा भी पास नहीं कर पाया, फिर भी वह उसे राजा बनाना चाहते हैं। दूसरी ओर, बिहार में लाखों बच्चे मैट्रिक, बीए और एमए पास कर चुके हैं, फिर भी उन्हें नौकरी नहीं मिलती।

बिहार के युवा 10—12 हजार की नौकरी करने जाते हैं

Bihar : जनसुराज प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिहार के लोगों का वोट के लिए इस्तेमाल करने और गुजरात में निवेश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को 56 इंच का सीना दिखाने के लिए वोट दिया था, लेकिन आज उनके अपने बच्चों का सीना 15 इंच का हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के वोट लिए, बिहार के लोगों ने नीतीश कुमार को वोट दिया और उन्होंने जातिगत जनगणना भी करवाई, लेकिन गुजरात में कारखाने लग रहे हैं। बिहार के युवा 10 से 12 हजार रुपये की मजदूरी करने के लिए वहां जाते हैं।

तीन ​बड़े वादे किए

Bihar : इस दौरान प्रशांत किशोर ने पालीगंज के लोगों से तीन बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि यह बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। छठ के बाद, दुल्हिन बाजार, पालीगंज या पटना के किसी भी युवा को 10 से 12 हजार रुपये की नौकरी के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। हम (जन सुराज पार्टी) 50 लाख युवाओं को वापस लाएंगे और यहां भी उतना ही रोजगार देंगे।

2 हजार रुपये मासिक पेंशन मिलेगी

Bihar : उन्होंने आगे कहा कि दिसंबर 2025 से 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक पुरुष और महिला को 2 हजार रुपये मासिक पेंशन मिलेगी और जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं होता, तब तक सरकार 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों की फीस भरेगी, अगर वे निजी स्कूलों में पढ़ते हैं, ताकि गरीब बच्चों को भी अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा मिल सके।

जनता का शासन स्थापित करें

बिहार के लोगों से पारंपरिक राजनीतिक नेताओं को नकारने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार, उन लोगों को वोट न दें जो आपको लूटते हैं, चाहे वह लालू हों, नीतीश हों या प्रधानमंत्री मोदी। नेताओं के चेहरे न देखें, अपने बच्चों के चेहरे देखें। उनकी शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दें और बिहार में जनता का शासन स्थापित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *