'एन पी एन लाइव'

Bihar : वरीय रंगकर्मी प्रसाद रत्नेश्वर राज्य के कला-संस्कृति पदाधिकारियों को देंगे प्रशिक्षण

SHARE:

Bihar

संवाददाता, मोतिहारी। Bihar : प्रसाद रत्नेश्वर राज्य के कला – संस्कृति पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देंगे। बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, पटना द्वारा ज़िला स्तर के कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों के लिए विभागीय सेवाकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यह प्रशिक्षण 6 जून तक पटना स्थित दशरथ माँझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में चलेगा। विभाग ने प्रशिक्षक के रूप में पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के कलाविद सदस्य एवं साहित्यकार प्रसाद रत्नेश्वर को नामित किया है।

बिहार के प्रमुख मेलों पर देंगे ज्ञान

वह 29 मई को अपनी दो कक्षाओं में बिहार के प्रमुख त्योहार – परम्परा और सामाजिक अर्थ तथा बिहार के प्रमुख मेले, व्यापार एवं पर्यटन विषयों पर ज्ञान देंगे। इस पहल का उद्देश्य पदाधिकारियों की प्रशासनिक, सांस्कृतिक एवं तकनीकी कार्यकुशलता को बढ़ाना तथा उनको राज्य की सांस्कृतिक विरासत से भिज्ञ कराकर कला गतिविधियों से पूरे राज्य को आच्छादित करना है।

इस सम्बन्ध में सरकार के अवर सचिव, कला – संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार ने पत्रांक – 1/ प्रशि. 13 – 01 / 2016 — 917 दिनांक – 21.05.2025 जारी किया है।

हाल ही में प्रसाद रत्नेश्वर को मिल चुका है साहित्यश्री का पुरस्कार

हाल ही में 17 मई को नई दिल्ली स्थित कन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के मंच पर मोतिहारी के रहने वाले प्रसिद्ध साहित्यकार प्रसाद रत्नेश्वर की साहित्यिक उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया। दिल्ली में प्रवासी बिहारियों की एक प्रमुख सांस्कृतिक- साहित्यिक संस्था बिहार महोत्सव समिति ने अपने बैनर तले ‘ प्रसाद रत्नेश्वर पुस्तक लोकार्पण समारोह ‘ का भव्य आयोजन कर प्रसाद रत्नेश्वर की सद्य: प्रकाशित चार पुस्तकों का गणमान्य अतिथियों से विमोचन कराया।

इन किताबों का हुआ लोकार्पण

समारोह में प्रसाद रत्नेश्वर की चार किताबों बेचिरागी ( हिन्दी कविता – संग्रह ), लड़कियों के कपड़े ( हिन्दी ग़ज़ल- संग्रह ), निलही कोठी ( पाँच मंचीय नाटकों का संग्रह ) एवं थारु : विश्व की एक नई सभ्यता ( शोध – पत्र – संग्रह ) का लोकार्पण संजय मयूख, सदस्य, बिहार विधान परिषद, पटना,डॉ. निवेदिता झा, प्रसिद्ध कवयित्री व लेखिका, महेंद्र प्रसाद सिंह, वरिष्ठ नाट्यकर्मी, नीरज कुमार, सहायक आयुक्त,एमसीडी, दिल्ली, तनवीर हसन, फिल्मकार ने संयुक्त रूप से किया।

मौके पर हिन्दी साहित्य में पाँच अनमोल पुस्तकों का योगदान करने के उपलक्ष्य में प्रसाद रत्नेश्वर को ‘ सहित्यश्री सम्मान से विभूषित किया गया। सम्मान स्वरूप प्रतीक-चिह्न, अंगवस्त्रम एवं सम्मानजनक धनराशि भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई