'एन पी एन लाइव'

Odisha : राज्य के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से दस लोगों की मौत

SHARE:

Odisha

17 मई। Odisha : ओडिशा के कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन नाबालिग थे। शुक्रवार को ओडिशा में कालबैसाखी या नॉरवेस्टर तूफान आया था।

कोरापुट जिले के परीडीगुडा गांव में शुक्रवार दोपहर एक झोपड़ी में बिजली गिरने से एक बुजुर्ग महिला और उसकी पोती सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान परीडीगुडा निवासी ब्रूडी माडिंगा, उनकी पोती कासा माडिंगा और कोरापुट जिले के कुंभारीगुडा क्षेत्र निवासी अंबिका कासी के रूप में हुई है। तूफान में घायल ब्रूडी माडिंगा के पति हिंगू की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

इसी तरह, कोरापुट जिले के सेमिलीगुडा ब्लॉक निवासी 32 वर्षीय दासा जानी की शुक्रवार दोपहर को अपने गांव के पास एक नदी में मछली पकड़ते समय बिजली गिरने से मौत हो गई।

शुक्रवार दोपहर को नबरंगपुर जिले के उमरकोट ब्लॉक के बेनोरा गांव में बिजली गिरने से चैत्यराम माझी और उनके भतीजे ललिता माझी गंभीर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत पास के अस्पताल में ले गए, लेकिन ललिता ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

चैत्यराम फिलहाल उमरकोट प्रखंड के एक अस्पताल में भर्ती है। इस बीच, शुक्रवार शाम को जाजपुर जिले के जेनापुर पुलिस सीमा के पास बुदुसाही गांव में बाहर खेल रहे दो नाबालिगों की बिजली गिरने से मौत हो गई।

वज्रपात के कारण शुक्रवार दोपहर गजपति जिले के उदयगिरी थाना क्षेत्र में दमयंती मंडल नामक एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को गंजम जिले में दो और ढेंकनाल जिले के कामाख्यानगर क्षेत्र में एक सहित तीन लोगों की बिजली गिरने से मौत हो गई।

शुक्रवार दोपहर को ‘नॉरवेस्टर’ के कारण राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ भारी बारिश हुई। 2022 और 2024 के दौरान राज्य में बिजली गिरने से 1,075 लोगों की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई