'एन पी एन लाइव'

Bihar: ऐतिहासिक शहर ‘गया’ अब ‘गया जी’ के नाम से जाना जाएगा, कैबिनेट की मंजूरी

SHARE:

Bihar

संवाददाता, पटना। Bihar : बिहार में मोक्ष की नगरी गया को अब ‘गया जी’ के नाम से जाना जाएगा। शहर की ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए नाम को बदला गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक में कुल 69 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन निर्णयों का सीधा असर राज्य के आम नागरिकों, सरकारी कर्मचारियों, महिलाओं और सुरक्षा बलों के परिजनों पर पड़ेगा। कैबिनेट ने गया शहर का नाम बदलने के सामान्य प्रशासन विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, कर्मचारियों को राहत

राज्यकर्मियों और पेंशनधारियों को बड़ी राहत देते हुए नीतीश सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 2% की बढ़ोतरी की है। अब उन्हें 1 जनवरी 2025 से 55% डीए मिलेगा। बढ़ा हुआ डीए बकाया के रूप में भी मिलेगा, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक सहारा मिलेगा।

ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को सम्मान

सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए जवानों के परिजनों को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का फैसला किया है। यह राशि 21 लाख मुख्यमंत्री राहत कोष से और 29 लाख राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी।

महिलाओं और ग्रामीण विकास पर जोर

जीविका दीदियों के लिए अलग बैंक की स्थापना की जाएगी, जिससे उन्हें सरल लोन सुविधा और आर्थिक आत्मनिर्भरता मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में जन्म और मृत्यु का पंजीकरण अब पंचायत सचिव के माध्यम से होगा, जिससे यह प्रक्रिया अधिक सहज और पारदर्शी हो सकेगी। राज्य में नई आंगनबाड़ी केंद्रों को मंजूरी दी गई है, जिससे पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

27 अरब रुपये की लागत से पंचायत सरकार भवनों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही सभी पंचायत भवनों में ‘सुधा’ मिल्क पार्लर खोले जाएंगे, जिससे स्थानीय रोजगार और स्वच्छ दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

कैंसर रोकथाम के लिए विशेष समिति

राज्य में कैंसर की रोकथाम और उपचार को लेकर एक विशेष समिति गठित की जाएगी, जो कैंसर केयर और रिसर्च पर काम करेगी। यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पढ़ी गई