पटना। Bihar: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ‘इंडिया’ ब्लॉक की तीसरी बैठक शनिवार को राजधानी पटना में हुई, जिसे ‘संवाद’ कार्यक्रम का नाम दिया गया। बैठक की अध्यक्षता समन्वय समिति के अध्यक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने की। इसका मुख्य उद्देश्य गठबंधन के दलों के बीच जिला और प्रखंड स्तर तक समन्वय स्थापित करना था। हालांकि, यह तय नहीं हो सका कि कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सभी नेताओं ने एकमत होकर कहा कि ‘इंडिया’ ब्लॉक बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा।

तेजस्वी यादव ने बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में बताया कि गठबंधन 20 मई को मजदूर यूनियन के कार्यक्रम का समर्थन करेगा। ‘इंडिया’ ब्लॉक के कार्यकर्ता हर जिले के मुख्यालय पर मजदूरों के साथ खड़े रहेंगे। तेजस्वी ने बैठक को सफल बताते हुए कहा कि गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है और सभी दल एकजुट होकर जनता के बीच जाएंगे।
बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा : मृत्युंजय तिवारी
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगा और जनता के सवालों का जवाब देने के लिए उनके बीच जाएगा। तिवारी ने कहा कि बिहार की जनता ‘इंडिया’ ब्लॉक की सरकार बनाने के लिए तैयार है और 14 करोड़ लोग तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री मान चुके हैं।
सीपीआइएमएल नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने बताया कि पहली बार जिला स्तर के प्रमुख नेता इतने बड़े पैमाने पर बैठक में शामिल हुए। पिछले 20 साल में बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों ने जनता को परेशान किया है। इसके अलावा, देशव्यापी मुद्दों जैसे पहलगाम आतंकवादी हमला और वक्फ बोर्ड में बदलाव के जरिए मुस्लिम समुदाय के अधिकारों की अनदेखी जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

समन्वय स्थापित करना था मकसद : कांग्रेस
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि बैठक का मुख्य फोकस जिला अध्यक्षों के बीच समन्वय स्थापित करना था। राज्य स्तर पर समन्वय समिति के गठन के बाद अब जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे, जिसके बाद पंचायत और बूथ स्तर पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों के साथ संवाद स्थापित हो चुका है और यह गठबंधन की एकजुटता को और मजबूत करेगा।
नेताओं के साथ संवाद स्थापित किया गया : सीपीआइएमएल
सीपीआइएमएल विधायक महबूब आलम ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सफलता के आधार पर ही ‘इंडिया’ ब्लॉक का गठन हुआ है। चुनाव नजदीक हैं, इसलिए जिला स्तर के जिम्मेदार नेताओं को बुलाकर उनके साथ संवाद स्थापित किया गया और जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने कहा कि जिला से लेकर पंचायत स्तर तक ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि गठबंधन की पहुंच हर स्तर तक हो। हालांकि, सीट बंटवारे पर कोई चर्चा नहीं हुई।







